Uproar over theft again in SGMH Rewa : संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में शनिवार को एक बार फिर चोरी की घटना ने हंगामा मचा दिया। मेडिसिन विभाग की तीसरी मंजिल पर इलाजरत एक मरीज की महिला अटेंडर ने दूसरे मरीज के साथ आई महिला अटेंडर पर 10 हजार रुपये चुराने का आरोप लगाया। आरोप है कि जब वह बाथरूम गई हुई थी, तब यह घटना हुई।
इस पर दोनों महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर 112 पर कॉल किया गया। सूचना मिलते ही अमहिया पुलिस की महिला टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, यह घटना SGMH में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की एक और कड़ी है। मरीजों के परिजनों से मोबाइल फोन, नकदी, जेवर और अन्य सामान की चोरी की शिकायतें नियमित रूप से आ रही हैं। अस्पताल प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन नियुक्त निजी सुरक्षा एजेंसी इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
यह मामला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मरीजों और उनके परिजनों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

