MP: भाजपा ने केंद्रीय बजट को गांव-गांव पहुंचाने की रणनीति बनाई

MP BJP Budget

Union Budget 2026: भाजपा मध्य प्रदेश ने केंद्रीय आम बजट की खूबियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। 15 फरवरी तक मंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक बजट की मुख्य विशेषताओं का प्रचार-प्रसार और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Union Budget 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश ने आगामी केंद्रीय आम बजट की खूबियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक और सुनियोजित रणनीति तैयार की है। पार्टी का लक्ष्य है कि बजट के जनकल्याणकारी प्रावधानों की सही और स्पष्ट जानकारी आम नागरिकों, बुद्धिजीवियों तथा जानकारों तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिलों में विशेष समितियां गठित होंगी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सभी जिलों में विशेष समितियों के गठन के निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक जिले में एक संयोजक और पांच सदस्यों वाली यह समिति बनाई जाएगी। समिति में आईटी विभाग और सोशल मीडिया टीम के एक-एक प्रतिनिधि को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी प्रभावी प्रचार संभव हो सके।

प्रदेश और जिला स्तर पर समितियों की संरचना एकसमान रखी जाएगी। प्रदेश स्तर की समिति केंद्रीय बजट से जुड़ी तथ्यात्मक जानकारी संकलित करेगी, जिसमें केंद्रीय संगठन से प्राप्त प्रमुख बिंदुओं के अलावा मध्य प्रदेश से संबंधित विशेष बजट प्रावधानों को भी प्रमुखता दी जाएगी। यह सामग्री जिला अध्यक्षों के माध्यम से जिला समितियों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर सुनियोजित प्रचार सुनिश्चित हो सके। ये समितियां न केवल केंद्रीय बजट, बल्कि उसके बाद प्रस्तुत होने वाले प्रदेश सरकार के बजट के प्रचार की जिम्मेदारी भी निभाएंगी।

ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचेगा बजट का संदेश

भाजपा का स्पष्ट उद्देश्य है कि बजट की जानकारी केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण इलाकों में ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचे। विशेष रूप से युवाओं को यह संदेश दिया जाएगा कि केंद्रीय बजट आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें उनके लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं।

बजट पेश होने के बाद कार्यशालाओं का आयोजन

केंद्रीय बजट संसद में पेश होने के तुरंत बाद प्रदेश और जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों को बजट के प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही जनता से संवाद के दौरान किन विषयों को प्राथमिकता देनी है, इसकी भी रणनीति समझाई जाएगी।

15 फरवरी तक लक्ष्य: अधिकतम पहुंच

पार्टी ने फरवरी माह के पहले पंद्रह दिनों में अधिक से अधिक लोगों तक बजट की जानकारी पहुंचाने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया है। मंडल से लेकर महानगरों तक बजट की ब्रांडिंग की जाएगी और बुद्धिजीवियों, जानकारों तथा जनसामान्य के बीच संवाद-चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *