रीवा: जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठी गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जहाँ एक सूने घर में सेंध लगाकर करीब 6 लाख रुपये के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया गया। वारदात के वक्त गृहस्वामी संदीप पटेल अपने परिवार के साथ शिवपुरवा गांव में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और घर की रखवाली के लिए उनकी बुजुर्ग मां अकेली थीं।
शातिर चोरों ने पहले बुजुर्ग महिला को घर के ही एक कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर बंधक बना दिया और फिर इत्मीनान से अलमारी व पेटी के ताले तोड़कर बेटी के विवाह के लिए वर्षों की मेहनत से जुटाए गए सोने के तीन लहरी माला, झुमके, भारी पायल और सकरी सहित अन्य आभूषण समेट लिए। चोरों की नजर पड़ोस में स्थित अरुण पांडे के नवनिर्मित मकान पर भी थी, जहाँ उन्होंने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया।
सुबह जब परिजन घर लौटे और मां को कमरे में बंद पाया, तब इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। पीड़ित परिवार की शिकायत पर बिछिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

