Site iconSite icon SHABD SANCHI

UCC: यूसीसी पर उमंग सिंघार का बड़ा बयान, बोले यह काला कानून

भोपाल। मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है। भोपाल में ‘जंग-ए-आजादी में उलमा की कुर्बानी’ कार्यक्रम के समापन के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने UCC को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी, UCC को खत्म कर दिया जाएगा। सिंघार ने इसे ‘काला कानून’ भी बताया।

उमंग सिंघार ने क्या कहा?

विधायक आरिफ मसूद की ओर से आजादी के पखवाड़े के तहत ‘जंग-ए-आजादी में उलमा की कुर्बानी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए। मंच से बोलते हुए उमंग सिंघार ने UCC को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार इस कानून को गांव-गांव तक पहुंचाना चाहती है। सरकार ने बहुमत के दम पर यह कानून पास कराया है। लेकिन जब भी कांग्रेस की सरकार आएगी, इसे खत्म कर दिया जाएगा।

जीतू पटवारी बोले- आरिफ मसूद ने ‘मोहब्बत की दुकान’ खोली

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। जीतू पटवारी ने विधायक आरिफ मसूद की तारीफ करते हुए कहा, “नफरत के इस दौर में आरिफ मसूद जी ने आजादी का पखवाड़ा मनाकर राहुल गांधी जी की ‘मोहब्बत की दुकान’ को सही मायनों में खोला है।”

मध्य प्रदेश में UCC के प्रमुख प्रावधान

विवाह और बहुविवाह पर रोक: UCC में बहुविवाह पर रोक का प्रावधान है। पहले पति या पत्नी के जीवित रहते या तलाक हुए बिना दूसरा विवाह नहीं किया जा सकता। यह नियम सभी धर्मों पर लागू होगा।

तीन तलाक और निकाह हलाला पर रोक: तीन तलाक और निकाह हलाला जैसी प्रथाओं पर रोक का प्रावधान है। तलाक के लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।

विवाह और लिव-इन का रजिस्ट्रेशन: विवाह, तलाक और लिव-इन रिलेशनशिप का रजिस्ट्रेशन जरूरी किया गया है। लिव-इन में 21 साल से कम उम्र होने पर अभिभावकों को सूचना देने का प्रावधान है।

संपत्ति और उत्तराधिकार: बेटियों को बेटों के बराबर संपत्ति का अधिकार दिया गया है। गोद लिए गए, सरोगेसी से जन्मे और लिव-इन से जन्मे बच्चों को भी जैविक बच्चों के समान अधिकार दिए गए हैं।

जनजातीय समुदाय को छूट: अधिसूचित जनजातियों (ST) को UCC के दायरे से बाहर रखा गया है।

Exit mobile version