सिंगरौली। जिले के देवसर के जियावान थाना क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग गांवों में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से दो दर्दनाक हादसे हो गए। इन दुर्घटनाओं में एक 17 वर्षीय किशोर और एक 30 वर्षीय युवक की असमय मौत हो गई। हादसों के बाद से पीड़ित परिवारों और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पहला हादसा जियावान थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बूढ़ा-डाड़ में दोपहर करीब 2 बजे हुआ। यहाँ ग्राम कसर निवासी 17 वर्षीय प्रदीप साहू ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था, तभी वाहन अचानक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के नाबालिग होने के कारण पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसे ट्रैक्टर चलाने के लिए किसने दिया था।
दूसरा हादसा भी जियावन थाना क्षेत्र के ही ग्राम ख-धौली में बुधवार सुबह घटित हुआ। यहाँ 30 वर्षीय आशीष गुर्जर अपने खेत की जुताई कर रहे थे, तभी उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में आशीष की गर्दन ट्रैक्टर के भारी पहिए के नीचे फंसकर टूट गई। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर ले गए, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया, लेकिन बैढ़न ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इन दोनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर हादसों के सही कारणों का पता लगा रही है, जिसके बाद जिम्मेदार लोगों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

