Site iconSite icon SHABD SANCHI

इंदौर में 2 बच्चों का अपहरण कर मांगी थी 15 लाख की फिरौती, फिर ऐसे पहुच गई पुलिस

इंदौर। जिले के थाना पलासिया क्षेत्र में घटित दो नाबालिग बालकों के अपहरण एवं फिरौती मामले का पुलिस ने न सिर्फ 24 घंटे के अंदर ही पर्दाफास कर दिया है बल्कि दोनों बच्चों को सकुशल बरामद करके इस मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसा था मामला

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिनांक 23 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 8ः45 बजे थाना पलासिया को दो बालकों के अचानक लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा तत्परता से मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि गीता नगर एवं खटीक मोहल्ला निवासी दो नाबालिग बालक, जो प्रतिदिन की भांति तिरुपति गार्डन खेलने गए थे, घर वापस नहीं लौटे।

15 लाख की मांगी थी फिरौती

पुलिस के अनुसार मामले की तहकीकात करते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण एवं स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध महिला दोनों बालकों को अपने साथ ले जाते हुए चिन्हित हुई। आरोपियों द्वारा बच्चों को चिप्स, टॉफी एवं मोबाइल में पालतू जानवरों की तस्वीरें दिखाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया। तत्पश्चात फरियादी के मोबाइल पर कॉल कर बच्चों की रिहाई के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई तथा समय सीमा में राशि न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पुलिस की सक्रियता आई काम

तकनीकी विश्लेषण एवं सतत निगरानी के आधार पर पुलिस टीम घटना स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर दत्त नगर स्थित एक अपार्टमेंट तक पहुंची। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तत्काल घेराबंदी कर सुनियोजित कार्रवाई की गई। आरोपियों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, किंतु पुलिस टीम की मुस्तैदी से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया तथा दोनों अपहृत बालकों को सकुशल मुक्त कराया गया।

4 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में राधिका प्रजापति (19 वर्ष), तनिशा सेन (20 वर्ष), ललित सेन (21 वर्ष) एवं विनीत प्रजापति (22 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से बच्चों का अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version