रीवा। रीवा एयरपोर्ट चालू होने के बाद से यहां के यात्री दिल खोलकर हवाई सफर कर रहे है। जो आंकड़े आ रहे है उसके तहत रीवा एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने के बाद अब तक 30 हजार से ज्यादा यात्री हवाई सफर करके अपने गंतव्य को पूरा किए है। ज्ञात हो कि वर्तमान समय में रीवा एयर पोर्ट से 72 सीटर विमान दिल्ली, इंदौर और रायपुर के लिए उड़ान भर रहे है।
दिल्ली के लिए भरी थी पहली उड़ान
ज्ञात हो कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लिए पहला 72 सीटर विमान यात्री लेकर उड़ान भरी थी। अब तक जो 30,152 यात्रियों ने हवाई जहाज से सफर किया है उसमें इंदौर रूट पर सबसे ज्यादा 17,854 यात्री हवाई जहाज से यात्रा पूरी किए है। रीवा से दिल्ली के लिए पहली नियमित 72 सीटर उड़ान शुरू होने के चलते देश की राजधानी से सीधा जुड़ाव यात्रियों को मिला और व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और नौकरी पेशा लोगों को कंम समय में अपनी यात्रा पूरी कर रहे है। इस रूट पर रीवा से दिल्ली तक 5219 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि दिल्ली से रीवा 5244 यात्री आए।
रायपुर-इंदौर से जुड़ा रीवा
हवाई नेटवर्क का विस्तार 22 दिसंबर 2025 को हुआ जब रीवा-इंदौर फ्लाइट शुरू की गई। प्रदेश के व्यावसायिक केंद्र इंदौर से जुड़ने का फायदा चिकित्सा, शिक्षा और कारोबार से जुड़े लोगों को मिल रहा है। इस मार्ग पर रीवा से इंदौर 8918 और इंदौर से रीवा 8936 लोगों ने सफर किया। इसके बाद 17 मार्च 2026 से रीवा-रायपुर सेवा शुरू हुई। इससे मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन आसान हुआ। रीवा से रायपुर 1053 और रायपुर से रीवा 782 यात्रियों ने उड़ान भरी।
अगस्त में भोपाल-कोलकाता से जुड़ाव संभव
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अगस्त में भोपाल और कोलकाता के लिए भी सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। एयरलाइंस की तरफ से संचालन की सहमति मिल चुकी है। इससे पहले रीवा से भोपाल के लिए सिर्फ 9 सीटर विमान ही उपलब्ध था।
विकास को मिल रही नई उड़ान
मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम एवं रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल का कहना है कि हवाई सेवाओं के विस्तार से सिर्फ सफर आसान नहीं हुआ, बल्कि पर्यटन, निवेश, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी रफ्तार मिली है। रीवा एयरपोर्ट विंध्य के विकास के लिए नए दरवाजे खोल रहा है।
एक नजर में आंकड़े
- कुल यात्री, 30,152
- दिल्ली, रीवा से 5219, दिल्ली से 5244
- इंदौर, रीवा से 8918, इंदौर से 8936
- रायपुर, रीवा से 1053, रायपुर से 782

