Site iconSite icon SHABD SANCHI

जुलाई में चुरहट और अगस्त में सीधी तक चलेगी ट्रेन, 2028 तक पूरा होगा ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य

रीवा। विंध्य क्षेत्र के विकास को पंख देने वाली ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। तो वही जुलाई में चुरहट और अगस्त में सीधी तक ट्रेन की शुरूआत हो जाएगी। यह जानकारी रेलवे के डीआरएम केके तलरेजा ने रीवा में आयोजित बैठक के दौरान दिए है। समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का काम पूरा होने से विन्ध्य क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।

श्री शुक्ल ने कहा कि सिंगरौली के कोयला भण्डारों, सतना के सीमेंट भण्डार और अन्य उत्पादों को राष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने का मौका मिलेगा। सतना, रीवा, सीधी से सिंगरौली तक की रेलवे लाइन का निर्माण कार्य दिसंबर 2028 तक पूरा कराने होगे। इस रेल लाइन के निर्माण को गति देने के लिए बैठक आयोजित की गई। उन्होने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सीधी और सिंगरौली कलेक्टर निर्माण कार्याे के लिए आवश्यक भूमि तत्परता से उपलब्ध करायें। निर्माण कार्यों की सभी बाधाऐं दूर कर तेजी से निर्माण कार्य करायें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना से रीवा और रीवा से सीधी तक रेलवे लाइन का कार्य पूरा हो चुका है।

टीएल बैठक में रेल लाइन पर हो चर्चा

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी से सिंगरौली के बीच बनाये जाने वाले 14 रेल टनल का निर्माण तेजी से करायें। रेलवे लाइन के निर्माण में जनप्रतिनिधि और प्रशासन रेलवे को पूरा सहयोग करेंगे। रेलवे के अधिकारी कलेक्टर द्वारा आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में उपस्थित होकर निर्माण कार्य से जुड़ी बातें रखें। कलेक्टर उनकी सभी कठिनाईयों को दूर रखेंगे। ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने पर विन्ध्य के विकास को नया आयाम मिलेगा।

रेलवे अधिकारी ने बताया कि 2028 तक निर्माण होगा पूरा

बैठक में रेलवे के डीआरएम केके तलरेजा ने बताया कि दिसंबर 2028 तक सिंगरौली तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। सीधी से सिंगरौली के बीच 14 में से 4 का टनल कार्य शुरू हो गया है। रीवा रेलवे स्टेशन में शेष निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरा कराकर इसका लोकार्पण किया जायेगा। प्रशासन से रेलवे को अच्छा सहयोग मिल रहा है अब सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किये जायेंगे। जुलाई माह के अंत तक चुरहट तथा 31 अगस्त तक ट्रेन को सीधी तक पहुंचा देंगे। सीधी स्टेशन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सतना से पन्ना के बीच देवेन्द्र नगर तक कार्य पूरा हो गया है। खजुराहों से पन्ना जिले के अजयगढ़ तक कार्य तेजी से जारी है। घाटी होने के कारण पन्ना से अजयगढ़ सेक्सन में कठिनाई आ रही है। बैठक में ग्राम चंदवाई स्टेशन के लिए भू अर्जन तथा सिंगरौली जिले में रेलवे लाइन का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराने के संबंध में निर्णय लिया गया।

बैठक में रीवा और सीधी के सांसद समेत कमिश्नर रीवा बीएस जामोद उपस्थित रहे, जबकि बैठक में कलेक्टर सीधी विकास कुमार मिश्रा तथा कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। बैठक में पुलिस अधीक्षक गुरूकरन सिंह, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी तथा रेलवे के अधिकारी एमएस हाशमी, दिलीप सिंह, सीएल मीणा, इन्द्रजीत वर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version