Site icon SHABD SANCHI

मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दोनों चालकों की मौत

Tragic road accident in Maihar

Tragic road accident in Maihar

मैहर: जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भेड़ा गांव के पास शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सामान लेकर लौट रही एक पिकअप और सामने से आ रहे सीमेंट पाइप से लदे भारी ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस भयानक हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान पिकअप चालक देवधरा निवासी 22 वर्षीय राज चौरसिया और ट्रक चालक खोंदिरा निवासी 36 वर्षीय जंग बहादुर लोधी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राज चौरसिया शनिवार सुबह पिकअप वाहन में सामान लादकर अमरपाटन गए थे और दोपहर में वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ढोला फैक्ट्री की तरफ जा रहा ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, हालांकि दुर्घटना के असली कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और पिकअप चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को मैहर अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया।

इस हृदयविदारक दुर्घटना की खबर जैसे ही देवधरा गांव स्थित घर पहुंची, जवान बेटे की मौत का सदमा सहन न कर पाने के कारण 55 वर्षीय पिता रामावतार चौरसिया बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मैहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की विस्तृत जांच में जुट गई है।

Exit mobile version