रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के प्रसिद्ध इटमा वाटरफॉल में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ उत्तर प्रदेश से अपने परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आया एक 21 वर्षीय युवक वाटरफॉल के गहरे पानी में डूब गया। लापता युवक की तलाश के लिए मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सेल्फी लेते समय बिगड़ा संतुलन
लापता युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बरगढ़ निवासी सोनू खान (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार को अपने करीबियों के साथ इटमा वाटरफॉल घूमने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोनू वाटरफॉल के किनारे खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे गहरे पानी में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह पल भर में ही आंखों से ओझल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र बागरी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शुरुआती स्तर पर स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
दुर्गम रास्ते और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू जारी
वर्तमान में SDRF के उपनिरीक्षक विकास पाण्डेय के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, घटना स्थल का रास्ता बेहद संकरा और दुर्गम है। पानी की अत्यधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वहां बोट उतारना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। इसके बावजूद, SDRF के जवान खुद पानी में उतरकर कॉम्बिग सर्चिंग के जरिए लापता युवक की सरगर्मी से तलाश कर रहे हैं।

