मंडला। अनंत चुर्तदर्शी को शुरू हुआ गणेश प्रतिमा विसर्जन आधी रात तक जारी रहा। इस दौरान मध्यप्रदेश में अलग-अलग हुए हादसों में 7 लोगो की मौत हो गई है। जिन घरों के चिराग बुझ गए, उन घरों में मातम छा गया है। जानकारी के तहत मंडला के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में आधा दर्जन से ज्यादा युवक सो रहे सो रहे थें। बताया जा रहा है कि पंडाल में करंट फैल गया, करंट की जद में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं। यह घटना शनिवार के सुबह साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूब गए दो सगे भाई
दूसरी घटना मध्यप्रदेश के ही खंडवा जिले के ग्राम नहालदा से सामने आई हैं। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अवैध गिट्टी खदान के गहरे पानी उस समय 5 युवक डूब गए जब वे प्रतिमा विसर्जन कर रहे थें। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 17 वंषीय विश्वास पठत और 16 वर्षीय लक्ष्य पठत, पिता जय सिंग पठत के रूप में हुई है। मौके पर पहुचे बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
डीजे की धमक से 19 साल के छात्रा की मौत
एमपी के बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश विसर्जन के दौरान एक 19 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतिका प्रतीक्षा वर्मा बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और गणित विषय से पढ़ाई कर रही थी। वह शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुर ढाना की रहने वाली थी। प्रतीक्षा अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज परिसर में विराजित गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल थी। इसी दौरान प्रतीक्षा को अचानक चक्कर आया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुचे उसके परिजनों ने बताया कि बेटी के दिल में दिक्कत थी। उनका आरोप है कि डीजे की तेज धमक को वह सह नही पाई और मौत का कारण बन गई।

