रीवा: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कोठी कंपाउंड अमरा कोठी की फूल मंडी में बीती रात मूसलाधार बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक जर्जर इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से मलबे के नीचे दबकर बहुरीबांध निवासी फूल व्यापारी राकेश उपाध्याय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अमरा कोठी की यह इमारत काफी समय से बेहद जर्जर हालत में थी और लगातार हो रही बारिश का दबाव सहन नहीं कर पाने के कारण इसका छज्जा ढह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए शव को मलबे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा
पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने शव को सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। परिजनों का आरोप है कि जर्जर भवनों को लेकर प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। प्रदर्शनकारी लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार के लिए उचित आर्थिक सहायता की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने के प्रयास जारी हैं।

