सीधी। विंध्य क्षेत्र में सक्रिय हुए मानसून अब जोरदार बारिश कर रहे है। शुक्रवार की अल सुबह सीधी जिले में हुई मुसलाधार बारिश से नदी नाले उफन पर रहे तो इस अंचल की प्रमुख सोन नदी का जल स्तर बढ़ गया। जिससे रामपुर नैकिन क्षेत्र स्थित भवरसेन पुल के ऊपर पानी बहने लगा। पुल पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है। पुल में मौजूद गड्ढों से हादसा की आशंका बनी हुई है।
40 गांवों का टूटा संपर्क
जानकारी के तहत सीधी जिले के रामपुर नैकिन तहसील के लगभग 40 गांवों को जोड़ने वाला भंवनसेन पुल प्रमुख संपर्क मार्ग है। सोन नदी का जल स्तर बढ़ने और पुल के उपर से पानी भर जाने के कारण उक्त क्षेत्र के गांवों का संपर्क टूट गया है और इससे आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।
पहाड़ियों की धसक रही मिट्रटी
लगातार हुई बारिश के चलते भवरसेन पहाड़ी से होकर गुजरने वाली सड़क पर भी खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, क्योकि पहाड़ी की तलहटी की मिट्टी कमजोर होकर मिट्रटी-पत्थर न सिर्फ खिसक रहे है बल्कि सड़क में पहुच रहे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो कभी भी लैंडस्लाइड हो सकता है, जिससे सड़क पूरी तरह बंद होने के साथ जनहानि की आशंका भी बनी रहेगी।
प्रशासन ने किया अलर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन लोगों को वैकल्पिक डायवर्सन मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही संबंधित विभाग पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। रामपुर नैकिन पुलिस का कहना है कि पहाड़ी से मिट्टी खिसकने का वीडियो भी सामने आया है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से इस मार्ग से यात्रा न करें। यदि यात्रा करना आवश्यक हो तो पूरी सावधानी बरतें और कहीं भी मिट्टी या मलबा गिरता दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

