Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में व्यापारी को गोली मारने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार: पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड

Three accused arrested for shooting a businessman in Rewa.Three accused arrested for shooting a businessman in Rewa.

Three accused arrested for shooting a businessman in Rewa.

रीवा। रीवा जिले की मनगवां बस्ती में घर के बाहर बैठे एक युवक पर पिस्टल से फायर कर हत्या के प्रयास का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुरानी रंजिश के चलते रची गई इस साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित का पड़ोसी ही निकला, जिसने दो विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोंटी (27 वर्ष) समेत दोनों बालकों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल पिस्टल, मैगजीन, कारतूस, बिना नंबर की काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल, भूरा बैग और काला मास्क बरामद किया गया है।

रास्ता पूछने के बहाने करीब आकर मारी थी गोली

यह वारदात 28 जुलाई की रात करीब 10:50 बजे मनगवां बस्ती के वार्ड क्रमांक 5 में हुई थी। 26 वर्षीय संदीप कुमार गुप्ता अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहे युवक ने संदीप से बसेड़ा गांव जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही संदीप उन्हें रास्ता बताने लगा, पीछे बैठे युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली संदीप की बाईं आंख और नाक के बीच जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संदीप का अस्पताल में इलाज जारी है।

CCTV और टोल प्लाजा फुटेज से मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक गुरु करण सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने मनगवां बस्ती और नेशनल हाईवे स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

पड़ोसी से थी पुरानी रंजिश, जान से मारने की दी थी धमकी

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोंटी, घायल संदीप का पड़ोसी है। दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी और सत्यप्रकाश पूर्व में भी संदीप को जान से मारने की धमकी दे चुका था। इसी रंजिश के तहत सत्यप्रकाश ने दो बालकों को अपने साथ मिलाकर संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

योजना के मुताबिक, चेहरे पर मास्क लगाकर पहुंचे आरोपियों ने बातचीत के बहाने संदीप को अपने पास बुलाया और करीब से गोली मार दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन जब्त कर लिए हैं तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version