ODI World Cup 2027 : वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले अभी से इसमें खेलने के लिए शह और मात का खेल शुरू हो चुकी है। वनडे विश्व कप 2027 में कौन सी टीमें खेलेंगी, ये अभी पूरी तरह से तय नहीं हुआ है। इस बीच दो से तीन टीमें ऐसी हैं, जिन पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अब बांग्लादेश ने ऐसी चाल चल दी है, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था। बीसीबी यानी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के ऐसा करने से दो बार की चैंपियन टीम पर बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। चलिए आपको बताते हैं कि आखिर कुल मिलाकर चल क्या रहा है।
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में आगे निकलने की होड़। ODI World Cup 2027
मौजूदा आईसीसी रैंकिंंग की बात करें तो नंबर आठ पर इंग्लैंड की टीम है और नौवें स्थान पर बांग्लादेश है। वेस्टइंडीज की टीम दसवें स्थान पर है। अभी अगर आईसीसी तय करे कि रैंकिंग के आधार पर कौन कौन सी टीमें विश्व कप खेलेंगी तो उसमें बांग्लादेश का नाम आ जाएगा, वहीं वेस्टइंडीज की टीम बाहर हो जाएगी। हालांकि रैंकिंग के आधार पर कौन कौन सी टीमें विश्व कप खेलेंगी, इसका फैसला अगले साल मार्च में होगा। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक नया खेल किया है।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेली जाएगी वनडे सीरीज। ODI World Cup 2027
दरअसल बांग्लादेश क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए न्यूजीलैंड की टीम बांग्लादेश का दौरा करेगी। इसका आगाज 17 अप्रैल से होने जा रहा है। न्यूजीलैंड ने इसके लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। इस वक्त ज्यादातर बड़े खिलाड़ी आईपीएल खेल रहे हैं, इसलिए टॉम लैथम की कप्तानी में न्यूजीलैंड की बी टीम बांग्लादेश से वनडे सीरीज खेलेगी। अपने घर पर बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में हरा सकती है।
बांग्लादेश की टीम जीती तो उसे आईसीसी रैंकिंग में होगा रेटिंग का फायदा।
वैसे तो अभी सीरीज शुरू होने में थोड़ा वक्त है, लेकिन अगर बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को पीट दिया तो इससे उसे काफी फायदा होगा। आईसीसी की वनडे रैंकिंग में बांग्लादेश की रेटिंग अभी 79 की है। बांग्लादेश ने अगर न्यूजीलैंड को तीनों वनडे में करा दिया तो टीम रहेगी तो नौवें नंबर पर ही, लेकिन उसकी रेटिंग बढ़कर 85 की हो जाएगी। इतना ही नहीं अगर टीम ने तीन में से दो मैच भी जीत लिए तो उसकी रेटिंग बढ़कर 83 की हो जाएगी। यानी वेस्टइंडीज की रेटिंग 77 से काफी ज्यादा हो जाएगी। ऐसे में बांग्लादेश की टीम सीधे क्वालीफाई कर जाएगी और वेस्टइंडीज को क्वालीफायर खेलकर आना होगा। अगर टीम वहां भी हारी तो फिर विश्व कप से बाहर हो जाएगी।
वेस्टइंडीज की टीम न्यूजीलैंड से जुलाई में खेलेगी वनडे सीरीज। ODI World Cup 2027
वेस्टइंडीज की टीम अभी कोई वनडे सीरीज नहीं खेल रही है। टीम अब सीधे जुलाई में न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज खेलेगी। अगर वहां टीम नहीं जीती तो फिर उसके लिए मुश्किलें और भी बढ़ती हुई नजर आएंगी। यानी बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में से एक टीम का बाहर होना तो करीब करीब पक्का है। अगर वे क्वालीफायर खेलकर आ जाएं तो बात अलग है। वेस्टइंडीज ने पहले दो विश्व कप अपने नाम किए थे, तब क्लाइव लॉयड थे। इसके बाद टीम कोई विश्व कप नहीं जीत पाई है और अब तो टीम के विश्व कप खेलने पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं। देखना होगा कि बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान क्या होता है, इसी से आगे की तस्वीर कुछ कुछ साफ होगी।

