Site iconSite icon SHABD SANCHI

सतना में सूने मकान से 10 लाख की चोरी: परिवार के गांव जाते ही बदमाशों ने बोला धावा, नकद व जेवरात पार

Theft of ₹10 lakh from an empty house by unknown personsTheft of ₹10 lakh from an empty house by unknown persons

Theft of ₹10 lakh from an empty house by unknown persons

सतना। जिले के नजीराबाद इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बेखौफ बदमाशों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे 6 लाख रुपये नकद और करीब 4 तोला सोने के जेवरात समेत लगभग 10 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के वक्त मकान मालिक परिवार सहित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह जब पड़ोसी ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा, तब पूरी घटना का खुलासा हुआ।

पड़ोसी की सूचना पर घर लौटा परिवार

जानकारी के अनुसार, नजीराबाद निवासी अकील खान बीते दिनों अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। शुक्रवार-शनिवार की रात मकान को सूना पाकर बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। शनिवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर टूटे ताले पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत फोन कर अकील खान को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही अकील खान अपने परिवार के साथ जब सतना स्थित घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

अलमारी का लॉकर तोड़ बेटी के गहने भी ले उड़े चोर

पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि घर के सभी कमरों में सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था। बदमाशों ने अलमारी के लॉकर को किसी भारी औजार से तोड़ दिया था। लॉकर में रखे 6 लाख रुपये नकद और करीब 4 तोला सोने के जेवरात गायब थे। पीड़ित अकील खान के मुताबिक, चोरी गए जेवरों में उनकी बेटी के सोने के गहने भी शामिल थे। नकदी और गहनों को मिलाकर उन्हें करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

पुलिस, साइबर और FSL टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय कोतवाली पुलिस को दी गई। मामला गंभीर होने के कारण कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही साइबर सेल और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट्स सहित कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

Exit mobile version