Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में आरक्षक ने साथियों के साथ मिलकर प्रधान आरक्षक पर किया जानलेवा हमला, हालत नाजुक, भोपाल रेफर

The constable along with his colleagues made a deadly attack on the head constable in rewaThe constable along with his colleagues made a deadly attack on the head constable in rewa

The constable along with his colleagues made a deadly attack on the head constable in rewa

रीवा। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले बिछिया थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आरक्षक ने अपने साथियों और परिजनों के साथ मिलकर अपने ही विभाग के एक प्रधान आरक्षक पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में कलेक्ट्रेट में पदस्थ प्रधान आरक्षक मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया गया कि घायल की नाजुक हालत को देखते हुए सोमवार सुबह उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के जरिए भोपाल रेफर कर दिया गया है।

साजिश के तहत घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। प्रधान आरक्षक मुकेश तिवारी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद भोजन के लिए पुलिस लाइन स्थित अपने शासकीय आवास पहुँचे थे। बताया जा रहा है कि वहां पहले से ही आरक्षक सुरेंद्र पांडे, उसका पुत्र समन पांडे और दो अन्य सहयोगी हथियारों के साथ घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही मुकेश तिवारी घर के पास पहुँचे, आरोपियों ने टांगी, तलवार और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान मुकेश तिवारी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं।

पुरानी रंजिश और गाली-गलौज का विवाद
घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हमला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी आरक्षक सुरेंद्र पांडे पिछले कुछ दिनों से बिना किसी ठोस कारण के मुकेश तिवारी के साथ गाली-गलौज कर रहा था और विवाद की स्थिति पैदा कर रहा था। रविवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरक्षक ने कानून की मर्यादा भूलकर खूनी खेल खेल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मदद के लिए दौड़े, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस महकमे में हड़कंप, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस विभाग के अंदर हुए इस जानलेवा हमले से महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी आरती सिंह ने तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुँचकर घायल प्रधान आरक्षक का हाल जाना और डॉक्टरों से चर्चा की। बिछिया थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी आरक्षक सुरेंद्र पांडे, उसके पुत्र और अन्य सहयोगियों के विरुद्ध जानलेवा हमले की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि विभागीय अनुशासनहीनता और इस जघन्य अपराध के लिए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version