Site iconSite icon SHABD SANCHI

एयरपोर्ट से रीवा-शहडोल संभाग के बाढ़ का मुख्यमंत्री ने जाना हाल, रीवा में नाला निर्माण, सीधी की टूटी सड़क की मांगी रिर्पोट

रीवा। दिल्ली से भोपाल जाने के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव रीवा के एयरपोर्ट पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक किए। उन्होने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा और शहडोल संभाग में अति वर्षा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आपदा प्रबंधन के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से रीवा के गुलाब नगर में जल भराव से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि सभी पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। कलेक्टर बाढ़ से हुई क्षति का तत्काल सर्वे कराएं तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करें। सीएम ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन जनता के साथ है। आज मैं केवल आप लोगों से मिलने के लिए ही यहां आया हूं। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर एवं रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, जबलपुर जिले के कलेक्टर से आमने-सामने चर्चा कर बाढ़ के दौरान अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए।

खाना पानी की करें व्यवस्था

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जहां-जहां अभी भी बाढ़ का पानी है वहां कलेक्टर्स राहत शिविर खोलेंराहत शिविर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री, पीने के लिए शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा एवं शहडोल संभाग के कमिश्नर एवं रीवा एवं शहडोल संभाग के जिलों के कलेक्टर्स को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए और कहा कि जहां-जहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हैं वहां पर किसी भी प्रकार की जनहानि और पशु हानि न होने पाए। जनहानि एवं पशु हानि से बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

टेक्निकल सर्वे दल का करे गठन

उन्होने कहां कि बाढ़ से हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन करने के लिए टेक्निकल सर्वे दल का गठन कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का सर्वे कराएं और जहां-जहां फसल क्षति की सूचना है वहां पर भी सर्वे दल जाकर प्राथमिकता से फसल क्षति का आकलन करें। जहां फसल क्षति हुई है वहां पर प्राथमिकता से प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत राशि देना भी सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसानों को कम पानी वाली फसल लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हम ऐसा माहौल बनाएं कि अगली बार किसान कम पानी वाली फसल लगाने के लिए प्रेरित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों के माध्यम से कच्चे एवं क्षतिग्रस्त मकानो का भी सर्वे करा लिया जाए।

सीधी में बारिश से बही सड़क की सीएम ने मांगी रिर्पोट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सर्पदंश की घटनाएं न घटित होने पाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग अभी से सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी तत्परता से राहत कार्य में सहयोग करे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए की बाढ़ के दौरान घरों में पानी न घुसे इसके लिए प्रशासनिक अमला सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करे। मुख्यमंत्री ने सीधी जिले में अत्यधिक वर्षा के चलते नवनिर्मित सड़क के बह जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर को निर्देश दिए कि वह सड़क बहने की घटना की टेक्निकल टीम से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

6/4 के तहत दी जाए सहायता राशि

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बाढ़ से प्रभावित लोगों का घर, सामान एवं खाने-पीने की वस्तुएं नष्ट हो गई हैं तो उन्हें तत्काल आरबीसी 6/4 के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई के अभाव में कोई भी संक्रामक बीमारी न फैलने पाए। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए कि जहां-जहां बाढ़ का पानी उतर गया है वहां अधिकारी अपने अमलें के साथ पहुच कर जरूरी व्यवस्था बनाए। ताकि किसी भी तरह की महामारी की स्थिति निर्मित न होने पाए।

गांवों की ठीक करे बिजली

मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की जिन गांवों में अति वर्षा से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है वे उन गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पशुओं का इलाज प्राथमिकता से करें ताकि किसी भी प्रकार की महामारी न फैल पाए। बाढ़ के दौरान मृत सभी पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में भी पशुओं के लिए चारे एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ये रहे मौजूद

वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, आयुक्त जनसम्पर्क मनीष सिंह, रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी डॉ. गुरूकरण सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version