The bus returning with the wedding procession of Rewa was saved from falling into a deep ditch: मध्य प्रदेश के सीधी जिला में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रामपुर नैकिन क्षेत्र के भवरसेन पहाड़ के पहले मोड़ पर बारात से लौट रही एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पहाड़ की ढलान की ओर बढ़ने लगी, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस को समय रहते रोक लिया गया और लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिरने से बच गई। इस बस में सवार करीब 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के मुताबिक बस रीवा से बारात लेकर छत्तीसगढ़ गई थी और वापस रीवा लौट रही थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही बस भवरसेन पहाड़ के पहले मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक के पीछे बैठी महिला रानी सिंह, निवासी मझौली, को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल बाइक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, क्योंकि वह चोटों के कारण बोलने की स्थिति में नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत रामपुर नैकिन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं बस में सवार यात्रियों ने बताया कि यदि चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगाता, तो बस सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
