फिल्म ‘घूसखोर पंडित पर ब्राह्मण समाज ने जताया ऐतराज, विरोध कर रोक लगाने की उठाई मांग

भोपाल। फिल्म ‘घूसखोर पंडित पर ब्राह्मण समाज ने जबरदस्त नाराजगी जताई है। भोपाल में प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और मध्य प्रदेश ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्म पर जारी की गई इस फिल्म में ब्राह्मण समाज की छवि को धूमिल करने का काम किया गया है। संगठन के लोगो ने इस फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस फिल्म को नही चलने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो इसके लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ब्राह्मण समाज को दिखाया गया घूसखोर

फिल्म का विरोध कर रहे ब्राह्मण समाज के लोगो का कहना है कि इस फिल्म में ब्राह्मण समाज को घूसखोर दिखाया जा रहा है। यह गलत और अपत्तिजनक है। उनकी मांग है कि फिल्म बनाने वाले निर्माता-निर्देशक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाए और इस फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए।

पंडित शब्द को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से जोड़ा गया

इस फिल्म के नाम करण को लेकर एक याचिका भी उच्च न्यायालय में लगाई गई है। फिल्म को लेकर कोर्ट में दायर याचिका में कहा गया है कि फिल्म में पंडित शब्द को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से जानबूझकर जोड़ा गया है और यह आपत्तिजनक है। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसी फिल्म से ब्राह्मण समुदाय की गरिमा और प्रतिष्ठा को व्यापक रूप से नुकसान पहुंचने का काम किया जा रहा है। जिससे संगठन के लोग एवं समाज के लोगों में आक्रोष है और इस पर कार्रवाई की जाए, अन्यथा फिल्म के प्रदर्शन पर समाज के लोग सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *