The auto of devotees returning from Maihar fell into a 10 feet deep ditch.: रीवा। मैहर से मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ऑटो ताला थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में ऑटो चालक समेत कुल 7 लोग घायल हो गए। घटना सोमवार देर रात करीब 10 बजे गोविंदगढ़ मार्ग के पास हुई।घायलों में से तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चार श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल लोगों में रवि बुनकर, तसम कोल, आशीष बुनकर और शिवचन्द साकेत शामिल हैं। सभी घायल सेमरिया गोविंदगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।मुकुंदपुर चौकी पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु मैहर दर्शन के बाद मुकुंदपुर होते हुए अपने गांव सेमरिया लौट रहे थे। अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे की खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
