Site iconSite icon SHABD SANCHI

Thalapathy Vijay Oath Ceremony : विजय ने सीएम पद की शपथ ली, 60 साल बाद तमिलनाडु की सत्ता में बदलाव

Thalapathy Vijay Oath Ceremony : तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। अभिनेता से नेता बने तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय (Thalapathy Vijay) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की सत्ता संभाल ली। करीब 6 दशक (60 साल) बाद ऐसा हुआ है, जब द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIMDK) के अलावा किसी अन्य दल का नेता तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बना है।

थलापति विजय ने सीएम पद की शपथ ली

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने जोसेफ विजय चंद्रशेखर को सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ 9 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान स्टेडियम विजय समर्थकों के नारों से गूंज उठा और पूरे परिसर में जश्न का माहौल दिखाई दिया।

विजय के साथ 9 मंत्रियों ने ली शपथ

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ जिन 9 मंत्रियों ने शपथ ली। इन मंत्रियों के नाम हैं…

  1. के. ए. सेंगोट्टैयन
  2. एन. आनंद
  3. आधव अर्जुना
  4. वेंकटरमणन
  5. सीटीआर निर्मल कुमार
  6. ए. राजमोहन
  7. मुस्तफा
  8. अरुणराज
  9. आर. रमेश कुमार

विजय को बहुमत कैसे मिला?

फिल्मी दुनिया में सुपरस्टार के रूप में पहचान बनाने वाले 51 वर्षीय विजय ने राजनीति में भी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत की। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ते हुए 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया। हालांकि पार्टी बहुमत से पीछे रह गई थी, लेकिन बाद में कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया।

शपथ के दौरान रुके विजय, राज्यपाल ने टोका

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक रोचक पल भी देखने को मिला। विजय निर्धारित शब्दों से आगे कुछ और बोलने लगे, जिस पर राज्यपाल ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वही पढ़ें जो लिखकर दिया गया है। इसके बाद विजय ने दोबारा शपथ पूरी की। यह पल समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

विजय के राज तिलक में राहुल गांधी भी मौजूद

समारोह में कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण में शामिल हुए। इसके अलावा तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन और अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी कार्यक्रम में पहुंचीं।

स्टेडियम के बाहर उमड़ा विजय के समर्थकों का सैलाब

रविवार की सुबह से ही विजय के समर्थकों की भारी भीड़ स्टेडियम के बाहर जमा हो रही थी4। लोग टीवीके पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर पहुंचे। विजय के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और मिठाइयां बांटीं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेडियम के आसपास यातायात पर विशेष पाबंदियां लगाई गई हैं। स्टेडियम के बाहर जमा लाखों की भीड़ तमिलनाडु की सत्ता परिवर्तन की गवाही दे रही है।

तमिलनाडु में चमका क्षितिज पर सितारा – अभिषेक मनु

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय की तारीफ की। उन्होंने विजय को “तमिलनाडु के क्षितिज पर एक नया, दमदार सितारा” बताया और यह भरोसा जताया कि “अभी तो सबसे बेहतरीन आना बाकी है।” कांग्रेस सांसद मानिकम टैगोर ने शनिवार को तमिलनाडु के भावी मुख्यमंत्री और ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ के नेता विजय को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि राज्य को बदलाव और नई उम्मीद की आस है।

TVK प्रमुख के शपथ ग्रहण पर विजय के माता-पिता ने जताई खुशी

विजय के पिता और निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह उस पल का आनंद लिया, जब उनके बेटे ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। शिवकाशी निर्वाचन क्षेत्र से टीवीके की नवनिर्वाचित विधायक एस. कीर्तना ने कहा, “आज तमिलनाडु और राज्य की जनता के लिए एक बड़ा दिन है। यह वही पल है जिसका इंतजार हर कोई कर रहा था।”

यह भी पढ़े : Thalapati Vijay TVK : तमिलनाडु में कौन फंसा रहा पेंच? थलापति विजय को राज्यपाल ने फिर लौटाया, AIDMK पर समर्थन का दबाव

Exit mobile version