Suspicious death of a young man who came to pick up his wife in Satna in his in-laws house: सतना जिले के भादे निवासी 28 वर्षीय युवक संदीप कुशवाहा की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को लेने पन्ना जिले के ग्राम इटवा पुरैना पहुंचा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, संदीप 9 जनवरी की शाम अपनी ससुराल पहुंचे थे।
कुछ देर बाद उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं। परिवार ने उन्हें तुरंत देवेंद्रनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। लेकिन संदीप को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा बताया जा रहा है। 10 जनवरी शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर में आक्रोशित परिजनों ने पन्ना-नागौद मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई एम्बुलेंस भी फंस गईं। मृतक के परिजनों ने आक्रोश जाहिर करते हुए हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। स्थानीय पुलिस ने शुरू में दूसरे थाना क्षेत्र का हवाला देकर परिजनों को टालने की कोशिश की, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाइश के बाद परिजन जाम खोलने को राजी हुए।
