Site iconSite icon SHABD SANCHI

सीधी : जंगल में पेड़ से लटका मिला नवविवाहिता का संदिग्ध शव, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

Suspicious body of newlywed woman found hanging from a tree in Sidhi forestSuspicious body of newlywed woman found hanging from a tree in Sidhi forest

Suspicious body of newlywed woman found hanging from a tree in Sidhi forest

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुड़िका में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव जंगल के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। राहगीरों और ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगलों से जांच कर रही है।

कुसियारी-मुड़िका मार्ग पर मिला शव, मौके पर जुटी भीड़

मृतका की पहचान मुड़िका गांव निवासी कृष्णा देवी साहू (22) पत्नी गोरेलाल साहू के रूप में की गई है। उनका शव कुसियारी-मुड़िका मार्ग के किनारे स्थित जंगल में एक पेड़ से लटका पाया गया। शव मिलने की खबर जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास झाड़ियों में महिला की चप्पल भी बरामद हुई है, जिसे साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रख लिया गया है।

पति का बयान: रात में घर पर थी, सुबह का पता नहीं

मामले में मृतका के पति गोरेलाल साहू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार रात को उनकी पत्नी कृष्णा देवी घर पर ही थी। सुबह वह किस समय और किन परिस्थितियों में घर से बाहर निकली, इस बात की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। दोपहर करीब 12 बजे जब ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी पत्नी का शव जंगल में पेड़ से लटका है, तब वे मौके पर पहुंचे और तुरंत बहरी थाना पुलिस को इत्तला दी। पति के मुताबिक उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और दोनों के बीच किसी भी तरह का कोई विवाद या अनबन नहीं थी।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बहरी थाना पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ मृतका के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से भी गहन पूछताछ कर रही है।

बहरी थाना प्रभारी ने बताया कि नवविवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मौत के असल कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है और जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।

Exit mobile version