Site iconSite icon SHABD SANCHI

सीधी में चुरहट स्टेशन तक ट्रेन का सफल ट्रायल, ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार

Successful trial of train till Churhat station in SidhiSuccessful trial of train till Churhat station in Sidhi

Successful trial of train till Churhat station in Sidhi

Successful trial of train till Churhat station in Sidhi: सीधी जिले के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब चुरहट रेलवे स्टेशन पर पहली बार ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया। लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह पल बेहद खास रहा। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही पूरे इलाके में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

यह ट्रायल ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के तहत किया गया है। इससे पहले करीब तीन महीने पूर्व रामपुर नैकिन क्षेत्र में भी सफल ट्रायल किया जा चुका है। अब चुरहट तक ट्रेन पहुंचने से यह साफ हो गया है कि परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही इसका विस्तार और आगे तक होगा।

सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने इसे जिले के विकास की बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रायल का वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ट्रेन सीधी मुख्य स्टेशन तक भी पहुंच जाएगी, जिससे जिले की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

सांसद के अनुसार, अगले डेढ़ से दो महीनों में ट्रेन के सीधी तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यात्री ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया जा सकता है, जिससे लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। करीब पांच साल पहले शुरू हुई इस परियोजना में शुरुआती दौर में काम धीमा था, लेकिन अब निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है और जहां-जहां ट्रैक तैयार हो रहा है, वहां ट्रायल भी किए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों ने भी ट्रायल को पूरी तरह सफल और सुरक्षित बताया है। रेलवे अधिकारी गोपाल सिंह जोधा के अनुसार, चुरहट तक बिछाई गई पटरियां पूरी तरह सुरक्षित हैं और आगे का काम भी तेजी से जारी है। अधिकारियों को विश्वास है कि जल्द ही यह रेल लाइन सिंगरौली तक जुड़ जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Exit mobile version