मऊगंज। मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलवा सुखदेव सिंह में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक होनहार बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा लक्ष्मी कुशवाहा ने युवक की मानसिक प्रताड़ना और धोखे से तंग आकर जहर खा लिया। गंभीर हालत में छात्रा को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में भर्ती कराया गया था, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।
मृतका के पिता मीतराज कुशवाहा ने गाँव के ही एक स्थानीय युवक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक पिछले एक साल से लक्ष्मी पर प्रेम संबंध बनाने और शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था। हालांकि, बाद में उसने अचानक शादी करने से साफ इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच काफी तीखी बहस और विवाद हुआ था।
युवक के इंकार और प्रताड़ना से बुरी तरह आहत होकर लक्ष्मी ने गुस्से व हताशा में अपना मोबाइल फोन पटक दिया और उसके बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे रीवा अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर पिता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की हर पहलू से गहन जाँच शुरू कर दी है।

