Stones pelted on team that went to remove encroachment in Satna: सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डालीबाबा इलाके में शुक्रवार को उस वक्त युद्ध जैसे हालात बन गए, जब कोर्ट के आदेश पर एक निजी भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुँची प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। जैसे ही नगर निगम की जेसीबी ने अवैध निर्माण को ढहाना शुरू किया, आस-पास के मकानों की छतों और गलियों से अचानक पथराव शुरू हो गया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस हमले में एसडीएम राहुल सिलाड़िया और थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बचे, लेकिन टीम के कई कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।
बिगड़ती स्थिति को देख तत्काल भारी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। उपद्रवियों को खदेड़ने और माहौल शांत कराने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोले दागने पड़े और दो राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद हमलावर पीछे हटे, जिसके बाद घेराबंदी कर दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में ले लिया गया है। तनावपूर्ण माहौल के बावजूद प्रशासन ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और भारी सुरक्षा घेरे में अवैध कब्जे को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

