Site icon SHABD SANCHI

रीवा में तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटा, गल्ला मंडी के पास मची चीख-पुकार, बाल-बाल बचीं छात्राएं और महिलाएं

Speeding e-rickshaw overturns in Rewa

Speeding e-rickshaw overturns in Rewa

रीवा: शहर के व्यस्ततम अमहिया मार्ग पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। गल्ला मंडी के समीप एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस हादसे के वक्त ई-रिक्शा में कॉलेज जा रही छात्राएं और कुछ महिलाएं सवार थीं। रिक्शा पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ई-रिक्शा सिरमौर चौराहे से अस्पताल चौराहे की ओर जा रहा था, तभी चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।

सड़क के बीचों-बीच ई-रिक्शा पलटने के कारण मार्ग का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। हालांकि, घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने गजब की तत्परता दिखाई और तुरंत ई-रिक्शा में फंसी छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। स्थानीय नागरिकों की मदद से ई-रिक्शा को सीधा कर सड़क के किनारे किया गया, जिसके बाद पुलिस और राहगीरों ने मशक्कत कर यातायात को दोबारा सामान्य कराया।

Exit mobile version