Speeding Bolero crushes elderly woman in Sidhi: सीधी जिले के सिंहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मेढौली गांव में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी एक 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।मृतका की पहचान मेढौली गांव निवासी सुलेखा बानो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुलेखा बानो सड़क के किनारे खड़ी थीं, तभी अमिलिया थाना अंतर्गत सिहावल चौकी क्षेत्र से गुजर रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला घटनास्थल पर ही दम तोड़ बैठीं।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो अत्यधिक तेज गति से दौड़ रहा था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिहावल चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है।चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या चालक नशे की हालत में था या दुर्घटना के अन्य कोई कारण थे।
