Site iconSite icon SHABD SANCHI

सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरीं सोनाक्षी सिन्हा, बोलीं- मैं एंटी-नेशनल नहीं हूं

sonam vangchuksonam vangchuk

sonam vangchuk

सोनम वांगचुक के सपोर्ट में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा भी सामने आ गई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई और सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की।

सोनाक्षी ने कहा कि अब सोनम वांगचुक को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “हम सभी सोनम वांगचुक को जानते हैं। देश के लिए उन्होंने क्या काम किया है, उनकी उपलब्धियां क्या हैं और उन्हें कितने सम्मान मिले हैं, यह किसी से छिपा नहीं है।”

सोनम वांगचुक दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हैं। सोनाक्षी ने उनके लंबे उपवास का जिक्र करते हुए कहा कि वह कई दिनों से बिना खाना खाए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह किसके लिए यह सब कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि वांगचुक उन बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है और वह एक ऐसी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, जो ठीक तरह से काम नहीं कर रही।

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि कई लोग अभी भी इस मुद्दे पर चुप हैं, लेकिन वह चुप नहीं रह सकतीं। उन्होंने कहा, “जो होगा देखा जाएगा, लेकिन मैं खामोश नहीं रह सकती।” सोनाक्षी ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि सोनम वांगचुक के साथ बातचीत की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उनकी बात क्यों नहीं सुनी जा रही और बातचीत के रास्ते क्यों नहीं खोले जा रहे।

वीडियो में सोनाक्षी ने यह भी कहा, “मैं कोई एंटी-नेशनल नहीं हूं।” उन्होंने कहा कि अब समय आ गया था कि वह इस मुद्दे पर अपनी बात रखें।

सोनाक्षी से पहले भी कई बॉलीवुड सितारे सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठा चुके हैं। इनमें जीनत अमान, प्रकाश राज, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल और ओमी वैद्य जैसे नाम शामिल हैं।

जीनत अमान ने भी सोशल मीडिया पर वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने लिखा था कि वह दिल्ली में चल रहे इस आंदोलन पर नजर बनाए हुए हैं और वांगचुक की हालत को लेकर चिंतित हैं। वहीं फिल्म ‘3 इडियट्स’ में चतुर का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने भी लोगों से सोनम वांगचुक के काम और उनकी मांगों के बारे में जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जाहिर की।

Exit mobile version