मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर कुसमी थाना क्षेत्र के कुन्दौर गांव में एक दुर्गम गुफा के भीतर महिला का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बुधवार दोपहर माटी डोंगर पहाड़ के घने जंगलों में कंबल में लिपटा यह शव बरामद हुआ। रास्ता बेहद पथरीला और दुर्गम होने के कारण पुलिसकर्मियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला की लाश को एक पोटली में बांधकर अपने कंधों पर लादकर जंगल से बाहर लाना पड़ा।
15 दिन से लापता थी महिला, गुफा में पूरी तरह सड़ चुका था शव
जानकारी के अनुसार, घने जंगलों के बीच स्थित इस गुफा में ग्रामीणों ने दोपहर को एक संदिग्ध कंबल देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने गुफा के भीतर जाकर कंबल को हटाया, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल में तब्दील हो चुका था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कपड़ों और अन्य हुलियो के आधार पर मृतका की पहचान करीब 15 दिनों से लापता 30 वर्षीय गुड़िया बैगा के रूप में की।
पत्नी की गुमशुदगी पर शांत था पति, अब दो दिनों से खुद भी लापता
इस पूरे मामले में मृतका के पति की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीण सत्यवान बैगा ने बताया कि गुड़िया पिछले दो हफ्तों से रहस्यमय ढंग से गायब थी। ताज्जुब की बात यह है कि पत्नी के लापता होने के बाद भी उसके पति बुद्धसेन बैगा ने न तो उसे ढूंढने का कोई प्रयास किया और न ही इसकी जानकारी गांव वालों या पुलिस को दी। ग्रामीणों का संदेह तब और गहरा गया जब बुद्धसेन भी पिछले दो दिनों से अचानक गांव से गायब हो गया। पति का इस तरह फरार होना उसकी संलिप्तता की ओर इशारा कर रहा है।
हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटनास्थल पर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी और चौकी प्रभारी डीके रावत सहित पूरी पुलिस टीम मुस्तैद रही। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत होता है, क्योंकि शव काफी पुराना है और साक्ष्य छुपाने के इरादे से उसे कंबल में लपेटकर इतनी दुर्गम गुफा में छिपाया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों और पूरी साजिश का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फरार पति की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

