Site iconSite icon SHABD SANCHI

सतना में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, भाई की बारात से पहले बहन की ट्रेन हादसे में मौत

Sister dies in train accident in Satna before brother's wedding processionSister dies in train accident in Satna before brother's wedding procession

Sister dies in train accident in Satna before brother's wedding procession

रीवा/सतना। नियति का क्रूर खेल किसे पता था कि जिस घर में भाई की शादी के मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम का सन्नाटा पसर जाएगा। सतना जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रेमनगर नया पावर स्टेशन निवासी अनुष्का दुबे पिता अरुण दुबे के रूप में हुई है। इस हादसे ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि खुशियों के घर को आंसुओं के समंदर में डुबो दिया।

हल्दी और मेहंदी के बीच टूटा कहर
परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि शुक्रवार का दिन परिवार के लिए बेहद खास था। घर में अनुष्का के भाई की शादी की रस्में चल रही थीं। रात भर हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम चला, जिसमें अनुष्का ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। शनिवार को परिवार को रीवा के होटल लैंडमार्क में बारात लेकर जाना था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि हल्दी का रंग अभी हाथों से छूटा भी नहीं होगा और घर से बारात की जगह अर्थी निकलने की नौबत आ जाएगी।

कैसे हुआ हादसा?
घटना शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अनुष्का सवारी गाड़ी के माध्यम से घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान वह किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन चालक ने तत्काल हादसे की सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान हालत में युवती को अस्पताल पहुंचाया और शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित किया।

अस्पताल में थमी सांसें
गंभीर रूप से घायल अनुष्का को आनन-फानन में रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, शादी की तैयारियों में जुटे रिश्तेदारों और परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। हंसी-ठिठोली की जगह अब वहां सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही हैं।

जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि अनुष्का ट्रेन की चपेट में कैसे आई और क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण। फिलहाल, इस हादसे ने पूरे प्रेमनगर इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Exit mobile version