Silver ETFs: आपको बता दें की बीते 3 वर्षों में चांदी ने निवेशकों को खुश किया है. सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) और सिल्वर फंड ऑफ फंड्स (FoFs) ने फिजिकल सिल्वर से भी बेहतर रिटर्न दिया है. MK Wealth Management के मुताबिक, मजबूत फंड मैनेजमेंट और निवेशकों का बढ़ता भरोसा इसके पीछे की बड़ी वजह है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सिल्वर के दाम फिर 52-53 अमेरिकी डॉलर के स्तर तक लौट सकते हैं और इसके बाद अगला टारगेट 58 अमेरिकी डॉलर और फिर 62 अमेरिकी डॉलर है, जबकि मजबूत सपोर्ट 47.60 अमेरिकी डॉलर पर है.
उतार चढ़ाव भरी होती हैं चांदी की कीमतें
MK Wealth मैनेजमेंट का मानना है कि चांदी की कीमतें बहुत उतार-चढ़ाव वाली होती हैं. इसलिए इसमें निवेश करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. अगर आप चांदी में निवेश करना चाहते हैं, तो इसे छह महीने से एक साल के लिए सोचना सही रहेगा. इस दौरान निकासी के लिए टारगेट लेवल 45.60 अमेरिकी डॉलर और मजबूत सपोर्ट लेवल 42.00 अमेरिकी डॉलर पर हैं.
हाल ही में चांदी की कीमतों में थोड़ी गिरावट आई है और अब यह लगभग 48.80 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर है. इसके पीछे की प्रमुख वजह निवेशकों का मुनाफा निकालना और अमेरिका व चीन के बीच कुछ महत्वपूर्ण खनिजों पर बिजनेस प्रतिबंधों में ढील है. शुरू में फेडरल रिजर्व की दर में कटौती ने कीमती धातुओं को सहारा दिया था. लेकिन आगे नीति में ढील के बारे में अनिश्चितता के कारण चांदी की कीमतों में कमजोरी देखी जा रही है.
बीते साल में Silver ETFs ने दिया 50% से अधिक का रिटर्न
31 अक्टूबर, 2025 तक सिल्वर ETFs ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है. उदाहरण के लिए ICICI प्रूडेंशियल और Nippon इंडिया सिल्वर ETFs ने एक साल में 50% से ज्यादा का रिटर्न दिया है. जबकि फिजिकल सिल्वर का रिटर्न करीब 49% रहा. यह दिखाता है कि सिल्वर में निवेश से अच्छी कमाई हो सकती है.
3 महीने और 6 महीने की अवधि में भी सिल्वर ETFs ने 34% से 56% तक रिटर्न दिए. इससे पता चलता है कि इस समय सिल्वर की रैली काफी मजबूत रही. इस सेगमेंट में Nippon इंडिया सिल्वर ETF सबसे बड़ा है, जिसका AUM 15,284 करोड़ रुपए है. ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF का AUM 9,481 करोड़ रुपए है.
Silver Funds ने भी दिया अच्छा रिटर्न
Silver Funds ने भी इसी तरह अच्छा परफॉर्मेंस किया है. एक साल का रिटर्न लगभग 49%-50% रहा. ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF FOF सबसे आगे है, जिसका AUM 3,232 करोड़ रुपए है. ETFs और FOF के बीच थोड़ा अंतर मुख्य रूप से फंड के खर्चों के कारण है.
मजबूत है चांदी मार्केट की बुनियाद
Emkay वेल्थ मैनेजमेंट का कहना है कि सिल्वर की कीमतें कभी-कभी ऊपर-नीचे हो सकती हैं, लेकिन सिल्वर मार्केट की बुनियाद मजबूत बनी हुई है. सिल्वर की मांग बढ़ रही है, खासकर रीन्यूएबल एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे सेक्टर में.

