Site iconSite icon SHABD SANCHI

सतना : नागौद राजघराने की बहू पर फायरिंग, मां का सनसनीखेज आरोप ‘दामाद कहता रहा मारो-मारो …

Shots fired at the daughter-in-law of Satna's Nagod royal family.Shots fired at the daughter-in-law of Satna's Nagod royal family.

Shots fired at the daughter-in-law of Satna's Nagod royal family.

सतना/रीवा: सतना जिले के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में हुए हाई-प्रोफाइल गोलीकांड में अब एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह पर गढ़ी में ही रहने वाली एक महिला सुनीता परिहार ने अंधाधुंध नौ राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एक गोली सीधे योगिता के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। उन्हें गंभीर हालत में पहले सतना और फिर रीवा के विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात 1 बजे तक चले लंबे ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उनके शरीर से गोली निकाल दी। शुक्रवार सुबह 10 बजे होश में आने के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुनीता परिहार को वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

मां का आरोप: खिड़की से चलाई गोलियां, दामाद उकसाता रहा
इस खौफनाक वारदात को लेकर घायल योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने अपने दामाद बाबा राजा पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके दामाद बाबा राजा ने पिछले करीब 7 साल से सुनीता परिहार नाम की महिला को अपने साथ रखा हुआ है और ससुर के निधन के बाद से वह जबरन गढ़ी में ही आकर रहने लगी। इसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए योगिता के माता-पिता और भाई राजस्थान के उदयपुर से नागौद पहुंचे थे। गुरुवार को जब दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दामाद बाबा राजा ने अपनी पत्नी योगिता को धक्के देकर कमरे से बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद अंदर मौजूद सुनीता परिहार ने खिड़की से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जबकि दामाद लगातार चिल्लाता रहा “मारो-मारो…”। माँ ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले साल भी सुनीता ने दो बार उनकी बेटी का गला घोंटने की कोशिश की थी।

बहू को गोली लगते ही भड़के मायके वाले, बाबा राजा की जमकर की धुनाई
परसमनिया गढ़ी में जैसे ही योगिता सिंह को गोली लगी, वहां मौजूद उनके मायके पक्ष के लोग और भाई आक्रोशित हो गए। गुस्से से तमतमाए परिजनों ने गढ़ी परिसर में ही दामाद बाबा राजा को दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान गढ़ी में काफी देर तक अफरा-तफरी और भारी तनाव का माहौल बना रहा। बाद में वहां मौजूद अन्य लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और परिजनों को शांत कराया। राजपरिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से अनबन चल रही थी, जिसके कारण योगिता गढ़ी छोड़कर नागौद किले में रहने लगी थीं, लेकिन इस बार समझौते की कोशिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।

गढ़ी में भारी पुलिस बल तैनात, हर पहलू की जांच जारी
राजघराने से जुड़े इस संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामले को देखते हुए परसमनिया गढ़ी और उसके आसपास के पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक और अन्य आला अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कोई अन्य अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया है और गढ़ी में लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फायरिंग की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि व वारदात के वक्त मौजूद लोगों की भूमिका की हर कानूनी पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

Exit mobile version