रीवा में बैजू धर्मशाला के पास दुकान विवाद, परिवार में सरेआम हुई मारपीट, वीडियो वायरल

Shop dispute near Baiju Dharamshala in Rewa

Shop dispute near Baiju Dharamshala in Rewa: रीवा शहर के बैजू धर्मशाला के निकट स्थित एक दुकान को लेकर पारिवारिक विवाद उग्र रूप धारण कर गया है। मालिकाना हक और कब्जे को लेकर परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला सरेआम मारपीट तक पहुंच गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और हंगामा साफ नजर आ रहा है। आसपास के लोग बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं।

महिला वर्षा वाधवानी ने आरोप लगाया कि दुकान उनके नाम दर्ज है और उनके पास खसरा सहित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें दुकान में बैठने और काम करने नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि पति की पहली पत्नी के बेटे कब्जे की नीयत से बार-बार विवाद खड़ा करते हैं, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं और दुकान में काम करने से रोकते हैं। वर्षा की बेटी ने भी बताया कि दुकान पर जाने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और कई बार मारपीट भी हो चुकी है। परिवार को जान का खतरा महसूस हो रहा है।

दूसरे पक्ष का दावा है कि यह संपत्ति पारिवारिक है और बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि उन्हें भी उकसाया गया और हाथापाई दोनों तरफ से हुई।सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

थाना प्रभारी शृंगेश राजपूत ने बताया कि यह परिवार के भीतर संपत्ति विवाद का मामला है। मारपीट का वीडियो प्राप्त हो गया है और इसकी जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने संपत्ति के वास्तविक रिकॉर्ड और पैमाइश के लिए राजस्व विभाग को भी सूचित किया है, ताकि दस्तावेजों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके।फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *