Site iconSite icon SHABD SANCHI

मैहर में चलती बाइक पर गिरा सीसम का पेड़, दो की मौत और दो गंभीर रूप से घायल

Sheesham tree falls on moving bike in MaiharSheesham tree falls on moving bike in Maihar

Sheesham tree falls on moving bike in Maihar

मैहर: मैहर के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बरहिया के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क किनारे काटा जा रहा सीसम का पेड़ अचानक एक चलती मोटरसाइकिल पर गिर गया। बाइक पर चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई है और दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक और घायल कटनी जिले से मैहर मां शारदा के दर्शन करने आ रहे थे।

रास्ता भटक कर पहुंचे थे बरहिया गांव

जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के इम्लास गांव निवासी चार युवक-युवतियां एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मैहर स्थित मां शारदा मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। सफर के दौरान वे रास्ता भटक गए और अमरपाटन क्षेत्र के बरहिया गांव के पास पहुंच गए। इसी दौरान वहाँ सड़क किनारे दीनदयाल साकेत द्वारा सीसम का पेड़ कटवाया जा रहा था। पेड़ को गिराने के लिए उसे ट्रैक्टर की मदद से खींचा जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ सीधे चलती हुई बाइक पर जा गिरा।

एक युवती की मौके पर, युवक की अस्पताल में मौत

पेड़ गिरते ही बाइक सवार चारों लोग उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पेड़ के नीचे से निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रागिनी कुशवाहा (18 वर्ष), पिता सूरज कुशवाहा की मौत हो चुकी थी। वहीं, इलाज के दौरान गंभीर रूप से जख्मी अमित कुशवाहा (21 वर्ष), पिता द्वारका प्रसाद कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया।

दो युवतियों का इलाज जारी, लापरवाही का मामला दर्ज

इस हादसे में घायल अन्य दो युवतियों की पहचान राधिका उर्फ पलक कुशवाहा (17 वर्ष), पिता गेंदलाल कुशवाहा और शिवानी कुशवाहा (18 वर्ष), पिता संतकुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार सिविल अस्पताल मैहर में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर से पेड़ खींचने के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के कारण यह भीषण हादसा हुआ है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version