Site iconSite icon SHABD SANCHI

Rewa News : मॉडल साइंस कॉलेज में शिक्षक की शर्मनाक करतूत, छात्रा को मैसेज कर कहा…

Shameful act of teacher in Model Science College RewaShameful act of teacher in Model Science College Rewa

Shameful act of teacher in Model Science College Rewa

Shameful act of teacher in Model Science College Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित पीएमश्री मॉडल साइंस कॉलेज (शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय) से गुरु-शिष्य की परंपरा को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ भूगोल (जियोग्राफी) के एक शिक्षक अमित साहू पर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने और उसे अपने कमरे पर बुलाने के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद से कॉलेज परिसर में भारी तनाव है और छात्रों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मैसेज कर रूम पर बुलाया, काम के बदले मांगी ‘कीमत’
आरोपी शिक्षक अमित साहू, जो मूल रूप से सागर का निवासी है और पिछले एक साल से यहाँ पढ़ा रहा है, पर आरोप है कि वह छात्रा से काफी समय से निजी बातचीत करने की कोशिश कर रहा था। छात्रा द्वारा साझा किए गए स्क्रीनशॉट के अनुसार, शिक्षक ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए लिखा— “तुम मुझे अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ।” इतना ही नहीं, चैटिंग के दौरान शिक्षक ने सौदेबाजी की भाषा का इस्तेमाल करते हुए यह भी कहा, “इस काम के बदले मुझे क्या मिलेगा… मैं नहीं चाहता कि तुम्हें कोई परेशानी हो… तुम्हारा कोई मन हो तो मुझे बता देना।” जब छात्रा को शिक्षक के इरादे संदिग्ध लगे, तो उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने परिजनों और दोस्तों को इसकी जानकारी दी।

धमकी देकर सबूत मिटाने का प्रयास
पीड़िता का आरोप है कि मामला उजागर होने के डर से अमित साहू ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी ने छात्रा से कहा, “तुमने मेरा विश्वास तोड़ा है, अब किसी से कुछ मत कहो और सारे मैसेज डिलीट कर दो, वरना ठीक नहीं होगा।” हालांकि, छात्रा की सतर्कता के कारण चैट के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रह गए, जो अब जांच में सबसे बड़े सबूत हैं।

गलती स्वीकारने के बाद भी कार्रवाई में ढिलाई, छात्रों का हंगामा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने तीन दिन पहले एक जांच कमेटी गठित की थी। सूत्रों के अनुसार, कमेटी के सामने आरोपी शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। इसके बावजूद, कॉलेज प्राचार्य द्वारा आरोपी पर कोई ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई।

प्रबंधन की इस सुस्ती से नाराज होकर बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज कैंपस में जमा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि जब शिक्षक ने अपना अपराध मान लिया है, तो उसे तत्काल बर्खास्त कर पुलिस के हवाले क्यों नहीं किया जा रहा?

प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
कॉलेज के भीतर छात्रा की सुरक्षा और प्रबंधन की भूमिका अब सवालों के घेरे में है। छात्रों का प्रदर्शन जारी है और वे मांग कर रहे हैं कि आरोपी अमित साहू के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाए ताकि भविष्य में कोई दूसरा शिक्षक ऐसी हिम्मत न कर सके।

Exit mobile version