सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रविवार सुबह घर से शौच के लिए निकली 14 साल की एक नाबालिग किशोरी का शव गांव के बस स्टैंड के पास झाड़ियों में अर्धनग्न हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
सुबह शौच के लिए निकली थी किशोरी
परिजनों के अनुसार, किशोरी रविवार सुबह लगभग 5 बजे घर से शौच के लिए बाहर गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान गांव के बस स्टैंड से महज 200 मीटर दूर झाड़ियों में किशोरी का शव संदिग्ध और क्षत-विक्षत स्थिति में पड़ा मिला। किशोरी के कपड़े फटे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की गंभीर आशंका जताई जा रही है।
फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोटर थाना प्रभारी (टीआई) पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर दिया। मामले की गंभीरता और शव की स्थिति को देखते हुए सतना से फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

