कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया चैनलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग बिना अनुमति उनके घर के अंदर पहुंच गए और वहां के वीडियो तथा तस्वीरें सार्वजनिक कर रहे हैं। सौरव का कहना है कि इससे उनकी निजता तो प्रभावित हुई ही है, साथ ही उनके और उनके परिवार की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो सकता है।
सौरव दास ने 5 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा,
“कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया चैनल्स मेरे घर में घुस आए हैं और भीतर के विजुअल्स दिखा रहे हैं. यह न केवल मेरी प्राइवेसी का उल्लंघन है, बल्कि मेरे और मेरे परिवार की सिक्योरिटी के लिए भी गंभीर खतरा है. अगर इसके चलते असामाजिक तत्व मेरे घर पर या मुझ पर हमला करते हैं, तो इसके लिए सीधे तौर पर ये यूट्यूबर्स और उनसे कोऑर्डिनेट करने वाले ट्रोल जिम्मेदार होंगे.”
सौरव ने इस मामले में दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की है। उनका कहना है कि इस तरह किसी के घर के अंदर जाकर तस्वीरें और वीडियो दिखाना गलत है और इससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं।
सौरव दास के इस पोस्ट पर तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद Derek O’Brien ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,
“हम इस मसले को जल्दी से जल्दी संसद में उठाने जा रहे हैं.”
सौरव दास हाल के दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता के रूप में चर्चा में आए हैं। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान वह संगठन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग को लेकर सरकार के साथ हुई बातचीत में भी उनकी भूमिका रही थी।

