Site iconSite icon SHABD SANCHI

समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से राहत, विवादित टिप्पणी मामले की सभी FIR रद्द

samay rainasamay raina

samay raina

कॉमेडियन समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो के दौरान दिव्यांग लोगों को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में दर्ज सभी एफआईआर रद्द कर दी हैं। इस मामले में समय रैना के साथ चार अन्य लोगों को भी राहत मिली है।

सुनवाई के दौरान याचिका दायर करने वाले एनजीओ ने कोर्ट को बताया कि समय रैना अब उनके संपर्क में हैं और स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी (SMA) जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए सहयोग करने को तैयार हैं। एनजीओ ने यह भी कहा कि वह ऐसे लोगों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने में मदद करेंगे।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों की बात सुनते हुए एफआईआर रद्द करने का फैसला सुनाया। हालांकि अदालत ने साफ किया कि एसएमए पीड़ितों की मदद और उनके लिए जरूरी सुविधाओं को लेकर सरकार को निर्देश देने संबंधी मामले की सुनवाई आगे भी जारी रहेगी।

अपने आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि समय रैना और अन्य लोगों ने दिव्यांगों के लिए जागरूकता बढ़ाने और सहायता जुटाने की दिशा में प्रयास किए हैं। अदालत ने कहा कि जब ईमानदारी से कोशिश की जाती है तो उसके अच्छे नतीजे सामने आते हैं।

कोर्ट ने यह भी माना कि युवा पीढ़ी में काफी क्षमता है और यदि उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगाई जाए तो समाज को उसका सकारात्मक लाभ मिल सकता है। इसी के साथ अदालत ने मामले में दर्ज सभी एफआईआर को खत्म करने का आदेश दे दिया।

Exit mobile version