भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को भोपाल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। लाल परेड ग्राउंड में होने वाले इस एकत्रीकरण में भोपाल विभाग के पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहेंगे। वहीं एम्स भोपाल के डायरेक्टर और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम से पहले दत्तात्रेय होसबाले सुबह से ही भोपाल में अलग-अलग बैठकों में शामिल हो रहे हैं। अरेरा कॉलोनी के E-8 स्थित समाज सेवा न्यास में बैठकों का दौर चल रहा है। सबसे पहले उन्होंने भोपाल शहर में चलने वाले श्रेणी मिलन की टोलियों के साथ बैठक की। इसके बाद संघ विकास मंडली की बैठक हुई। तीसरी बैठक केंद्रीय संस्थानों के छात्रों और प्राध्यापकों के साथ होगी।
लाल परेड ग्राउंड में शारीरिक प्रदर्शन और घोष वादन
शाम 4:30 बजे से लाल परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें स्वयंसेवक अलग-अलग शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संघ गीत और घोष वादन भी होगा।
एकत्रीकरण के जरिए भोपाल विभाग में नियमित रूप से लगने वाली संघ की शाखाओं के बड़े स्वरूप को समाज के सामने रखने की तैयारी है। संघ के मुताबिक, शताब्दी वर्ष के इस आयोजन के जरिए उसके सामाजिक कार्यों और आने वाले समय के संकल्पों का संदेश भी दिया जाएगा।
पंच परिवर्तन के संदेश पर भी रहेगा जोर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की शुरुआत विजयादशमी 2025 से हुई थी। इसके बाद पूरे वर्ष अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए संघ की 100 साल की यात्रा और समाज में किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों से संपर्क और संवाद किया जा रहा है।
शताब्दी वर्ष के दौरान संघ की ओर से पंच परिवर्तन के संदेश पर भी जोर दिया जा रहा है। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषय शामिल हैं। संघ इन विषयों को रोजमर्रा के सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दे रहा है।
50 विशिष्ट लोगों के साथ बैठक और रात्रिभोज
कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6:30 बजे दत्तात्रेय होसबाले भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 50 चुनिंदा विशिष्ट लोगों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद इसी सभागार में रात्रिभोज का आयोजन होगा।
इस बैठक और रात्रिभोज में भोपाल के डीआरएम, एम्स भोपाल के डायरेक्टर समेत केंद्रीय संस्थानों के प्रमुखों के शामिल होने की जानकारी है।

