Rewa’s bodybuilding star Anuj Mishra created history: रीवा शहर के युवा बॉडीबिल्डर अनुज मिश्रा ने मध्यप्रदेश के खेल जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। टीआरएस कॉलेज, रीवा के छात्र अनुज ने इंदौर में महाराजा रणजीत सिंह कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल साइंसेज के तत्वावधान में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय इंटर यूनिवर्सिटी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। अनुज ने 70 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया और उत्कृष्ट फिजीक, पोजिंग तथा परफॉर्मेंस के दम पर ओवरऑल चैम्पियंस ऑफ चैम्पियन का सबसे प्रतिष्ठित खिताब भी हासिल कर लिया।
यह दो दिवसीय प्रतियोगिता श्री राम जी जिम्नेजियम, इंदौर में 17 और 18 फरवरी 2026 को आयोजित हुई थी, जहां विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अनुज को उनकी इस उपलब्धि के लिए प्रिंस यशवंत राव होल्कर तृतीय द्वारा सम्मानित किया गया।इस सफलता का श्रेय उनके कोच इंटरनेशनल बॉडीबिल्डर राहुल सरीन को जाता है, जिनके कुशल मार्गदर्शन, सख्त ट्रेनिंग रूटीन और निरंतर मेहनत ने अनुज को इस मुकाम तक पहुंचाया। टीआरएस कॉलेज प्रबंधन ने अनुज की ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।
खास बात यह है कि इससे पहले एपीएस यूनिवर्सिटी रीवा और टीआरएस कॉलेज से किसी भी छात्र ने राज्य स्तरीय इंटर यूनिवर्सिटी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में इतनी बड़ी सफलता हासिल नहीं की थी, जिससे अनुज की यह जीत और भी खास हो गई है। अनुज पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन यह उपलब्धि उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हुई है। रीवा और मध्यप्रदेश के बॉडीबिल्डिंग प्रेमियों के लिए अनुज का यह सफर मेहनत और समर्पण की जीती-जागती मिसाल है।

