Site iconSite icon SHABD SANCHI

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चमके रीवा के अंकित मिश्रा, बहुचर्चित वेब सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय’ में निभाया दमदार किरदार

Rewa's Ankit Mishra Shines on OTT PlatformsRewa's Ankit Mishra Shines on OTT Platforms

Rewa's Ankit Mishra Shines on OTT Platforms

रीवा: विंध्य क्षेत्र और रीवा का नाम कला जगत में एक बार फिर रोशन हुआ है। क्षेत्र के उभरते हुए अभिनेता और थियेटर आर्टिस्ट अंकित मिश्रा इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेज़न प्राइम की बहुचर्चित वेब सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय सीज़न-2’ में अपने शानदार अभिनय को लेकर जबरदस्त चर्चाओं में हैं। इस सीरीज़ में अंकित ने ‘रोहिणी के भाई’ का एक बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। सीरीज़ के एक दृश्य में वे अपने जीजा के साथ नोकझोंक करते हुए दिखाई देते हैं, जिसमें उनके ठेठ ग्रामीण लहज़े और बेहतरीन संवाद अदायगी ने दृश्य में जान फूंक दी है। उनके इस दमदार अभिनय को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।

अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अभिनेता अंकित मिश्रा ने सीरीज़ के निर्देशक ललितम तिवारी और ‘एंटी कास्टिंग’ की पूरी टीम का विशेष आभार व्यक्त किया है। अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उनकी इस नई और सफल पारी से स्थानीय कला जगत और उनके प्रशंसकों में हर्ष का माहौल है।

रंगमंच से ओटीटी तक का सफर: कला जगत में हर्ष की लहर

गौरतलब है कि अंकित मिश्रा रीवा की प्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था ‘रंग उत्सव नाट्य समिति’ के निर्देशक हैं और प्रतिष्ठित ‘चित्रांगन इंटरनेशनल फिल्म एंड थिएटर फेस्टिवल’ के डायरेक्टर भी हैं। मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय (MPSD) से प्रशिक्षित अंकित इससे पहले भी कई शानदार नाटकों का सफल निर्देशन और उनमें बेहतरीन अभिनय कर चुके हैं। रंगमंच के प्रति उनके समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर के प्लेटफॉर्म पर पहचान मिली है।

अंकित की इस बड़ी उपलब्धि पर विंध्य के कला जगत सहित उनके साथी कलाकारों आयुष तिवारी, शुभम पाण्डेय, सिद्धार्थ दुबे, अखंड प्रताप सिंह, राज तिवारी भोला, गौरव सिंह और गौरी सोलंकी ने बधाई देते हुए खुशी व्यक्त की है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Exit mobile version