रीवा। शहर के निपनिया इलाके से 6 दिन पहले लापता हुए युवक अनूप सेन का शव उत्तर प्रदेश के कर्वी जिले के रयपुरा थाना क्षेत्र के जंगल में मिलने से इलाके में खलबली मच गई। अनूप 18 मई को घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं आया। परिवार ने उसकी तलाश लगातार जारी रखी। जब ये मामला सामने आया, तो रीवा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जंगल में शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार वालों को मिली, उनके बीच मातम पसर गया।
सड़क पर रखे शव
26 मई सुबह शव रीवा लाए जाने के बाद निपनिया चौराहे पर परिजनों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। हत्यारों की गिरफ्तारी, मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर दो घंटे तक चक्काजाम किया गया। परिजनों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो हमारा बेटा आज जिंदा होता। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन ने जाम समाप्त कर अंतिम संस्कार की तैयारी किए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
अब इस मामले पर परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि युवक के अपहरण की आशंका जताते हुए तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस का रवैया उदासीन रहा।
एमपी-यूपी पुलिस कर रही जांच
रीवा सिटी कोतवाली पुलिस और यूपी पुलिस मिलकर मामले की तहकीकात कर रही हैं। सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि युवक की आखिरी लोकेशन यूपी बॉर्डर के पास मिली थी, जिसके बाद पुलिस उस दिशा में लगातार जांच बढ़ा रही थी।

