रीवा जिले में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह ने 19 निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। लंबे समय से एक ही थाने में पदस्थ कई थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि पुलिस लाइन में पदस्थ अधिकारियों को भी थानों की कमान दी गई है।
इस फेरबदल में सबसे चर्चित बदलाव अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल का है। उन्हें अमहिया से हटाकर सेमरिया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन में पदस्थ उपनिरीक्षक मनोज गौतम को अमहिया थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समान थाना प्रभारी विजय सिंह को गोविंदगढ़ भेजा गया है, जबकि सेमरिया थाना प्रभारी आशीष मिश्रा अब समान थाने का प्रभार संभालेंगे। गोविंदगढ़ में पदस्थ अरविंद राठौर का तबादला जवा थाना कर दिया गया है।
इसके अलावा गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव को लालगांव चौकी भेजा गया है और पुलिस लाइन से पुष्पेन्द्र यादव को गुढ़ थाने की कमान दी गई है। सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा को बिछिया थाना प्रभारी बनाया गया है।
वहीं बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय को थाने से हटाकर सिविल लाइन भेज दिया गया है। सिरमौर थाना प्रभारी दीपक तिवारी को सगरा और पनवार थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय को सिरमौर की जिम्मेदारी दी गई है।
एसपी की इस कार्रवाई को जिले में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। लंबे समय बाद हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

