Site iconSite icon SHABD SANCHI

विंध्य को बड़ी सौगात: रीवा-मुंबई सुपरफास्ट हुई अब नियमित ट्रेन, डिप्टी सीएम कल दिखाएंगे हरी झंडी

Rewa-Mumbai superfast train now becomes regular trainRewa-Mumbai superfast train now becomes regular train

Rewa-Mumbai superfast train now becomes regular train

रीवा: विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद खुशी की खबर है। पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रीवा-मुंबई-रीवा साप्ताहिक स्पेशल गाड़ी को अब नियमित सेवा के रूप में संचालित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस नियमित ट्रेन (गाड़ी संख्या 20153/54) के संचालन का भव्य शुभारंभ समारोह गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को रीवा रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री और सांसद की गरिमामयी उपस्थिति

इस ऐतिहासिक पल के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल होंगे, जो दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सांसद प्रतिनिधि (रेलवे) राजीव खंडेलवाल ने बताया कि इस ट्रेन के नियमित होने से मुंबई की ओर जाने वाले विंध्य और बुंदेलखंड के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सभी गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

18 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव और आधुनिक कोच

यह आधुनिक ट्रेन (LHB कोच) रीवा से चलकर सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवाड़ा, पिपरिया, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगाँव, मनमाड, नासिक रोड, कल्याण, दादर होते हुए मुंबई CSMT तक जाएगी। कुल 24 कोच वाली इस ट्रेन में यात्रियों के लिए हर श्रेणी की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें 1 एसी प्रथम, 1 एसी-2 टियर, 4 एसी-3 टियर, 12 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।

Exit mobile version