Rewa MP Janardan Mishra flew 300 feet in the air at the age of 69: रीवा। रीवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन मिश्रा ने एक बार फिर उम्र को सिर्फ एक नंबर साबित कर दिया। 69 साल की उम्र में उन्होंने अंडमान-निकोबार के हैवलॉक द्वीप में 300 फीट की ऊंचाई पर पैरासेलिंग कर सबको चौंका दिया। हवा में उड़ते हुए समुद्र की लहरों के ऊपर मंडराते सांसद का वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे पर अंडमान पहुंचे सांसद मिश्रा ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एडवेंचर स्पोर्ट्स का पूरा लुत्फ उठाया। पैरासेलिंग के अलावा उन्होंने 30-40 फीट गहरे समुद्र में स्कूबा डाइविंग भी की और रंग-बिरंगी मूंगा चट्टानों कोरल रीफ की अद्भुत दुनिया को करीब से देखा।
समुद्र से बाहर आने के बाद सांसद मिश्रा ने कहा, “समुद्र जितना ऊपर से सुंदर दिखता है, उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत उसका अंदरूनी संसार है। यह अनुभव जीवन भर याद रहेगा।”गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब जनार्दन मिश्रा ने फिटनेस की मिसाल पेश की हो। साल 2024 में भी उन्होंने स्कूबा डाइविंग की थी। अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन के बीच भी नियमित योग और व्यायाम करने वाले सांसद मिश्रा युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कमेंट्स में लिखा – “जनार्दन जी तो उम्र को पीछे छोड़ चुके हैं”, “सांसद जी ने साबित कर दिया कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती”।

