Site icon SHABD SANCHI

Rewa News: धान सत्यापन फेल होने से भड़के किसान, कलेक्टर कार्यालय के सामने किया हंगामा, धान डालने की दी चेतावनी

रीवा कलेक्टर कार्यालय के बाहर जुटे किसान, धान सत्यापन फेल होने पर नारेबाजी और विरोध करते हुए दिखाई देते हैं

रीवा: धान सत्यापन फेल होने पर किसानों का कलेक्टर कार्यालय के बाहर विरोध

Farmers furious over failure of paddy verification: रीवा जिले में चल रहे धान उपार्जन में बड़ी संख्या में किसानों का आधार-सत्यापन फेल होने और बुक किए गए स्लॉट अचानक रद्द होने से गुस्साए किसानों ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सिमनी सहित कई क्षेत्रों के सैकड़ों किसान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

किसानों का आरोप है कि 12 दिसंबर तक उनका सत्यापन पूरा होना था, लेकिन अचानक हजारों किसानों को अपात्र घोषित कर दिया गया। कई किसानों के पहले से बुक स्लॉट रद्द कर दिए गए, जबकि नए स्लॉट बुक करने की कोशिश कर रहे किसानों को भी सफलता नहीं मिल रही। किसानों ने कहा कि खुले बाजार में व्यापारी समर्थन मूल्य (MSP) से काफी कम दाम दे रहे हैं, इसलिए सरकारी उपार्जन केंद्र ही उनका एकमात्र सहारा है।

गुस्साए किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक उनकी धान की खरीदी शुरू नहीं हुई तो वे ट्रैक्टर-ट्रालियों में धान लादकर कलेक्टर कार्यालय के सामने डाल देंगे और सड़क जाम कर देंगे।वहीं जिला प्रशासन ने सफाई दी है कि सत्यापन में आई तकनीकी दिक्कतों और गड़बड़ियों को दूर करने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित कर दी गई है। यह समिति सभी प्रकरणों की जांच कर पात्र किसानों का धान जल्द से जल्द उपार्जित कराएगी। प्रशासन ने किसानों से धैर्य रखने और शांति बनाए रखने की अपील की है।फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और किसान आंदोलन उग्र होने की आशंका बनी हुई है।

अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।

Exit mobile version