रीवा शहर में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है, जिसके चलते शहर के मुख्य मार्गों पर रोजाना लंबा जाम लगना आम बात बन गई है। शहर के मॉडल रोड पर ढेकहा तिराहा, पुराना बस स्टैंड, सिरमौर चौराहा, नया बस स्टैंड, अमहिया रोड और पीटीएस रोड जैसे व्यस्त इलाकों में वाहन चालक पूरे दिन जाम की समस्या से जूझने को मजबूर हैं।
इसी व्यवस्था की पोल खोलती एक घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे एसएएफ चौराहे पर सामने आई, जहां एक बार फिर भीषण जाम लग गया। चौराहे के चारों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाने के कारण राहगीरों और चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बिछिया थाने का पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद यातायात को सुचारू करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
जब स्थिति पूरी तरह गंभीर हो गई, तब जाम में फंसे लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाला और सड़क पर उतरकर वाहनों को व्यवस्थित कर किसी तरह रास्ता खुलवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएएफ चौराहे पर यात्री बसों के सड़क के बीचों-बीच खड़े होने के कारण यहां आए दिन ऐसी स्थिति पैदा होती है। गौरतलब है कि कुछ रोज पहले इसी चौराहे पर एक डीएसपी का वाहन भी जाम में फंस गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बावजूद प्रशासन और यातायात विभाग की नींद नहीं खुली है और इस स्थायी समस्या का अब तक कोई ठोस समाधान न निकाले जाने से आम जनता में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।

