Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा: अनंतपुर के सुदर्शन नगर में अतिक्रमण और जलभराव से कॉलोनीवासी परेशान, प्रशासन से लगाई गुहार

Residents of Sudarshan Nagar Rewa troubled by encroachment and waterloggingResidents of Sudarshan Nagar Rewa troubled by encroachment and waterlogging

Residents of Sudarshan Nagar Rewa troubled by encroachment and waterlogging

रीवा। रीवा शहर के वार्ड क्रमांक-9 अनंतपुर स्थित सुदर्शन नगर के रहवासी इन दिनों बदहाल मुख्य मार्ग, अवैध अतिक्रमण और बारिश के बाद होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव और मार्ग की दयनीय स्थिति के कारण कॉलोनीवासियों का आवागमन दुश्वार हो गया है। परेशान रहवासियों ने अब एकजुट होकर जिला प्रशासन और नगर निगम से अवैध कब्जा हटाने, सड़क की मूल चौड़ाई बहाल करने और पक्की नाली व सड़क निर्माण की मांग की है।

2010 से बसी कॉलोनी, पर राजस्व रिकॉर्ड में सड़क दर्ज नहीं

स्थानीय निवासियों ने बताया कि वर्ष 2010 से विकसित इस सुदर्शन नगर कॉलोनी में वर्तमान में करीब 50 से 55 परिवार निवासरत हैं। प्लॉट खरीदते समय भू-स्वामियों और डेवलपर्स द्वारा जिसे 20 फीट चौड़ा मुख्य मार्ग बताकर बेचा गया था, वह आज तक शासकीय राजस्व अभिलेखों में सड़क के रूप में दर्ज ही नहीं हो सकी है। प्रशासनिक अभिलेखों में स्पष्ट प्रविष्टि न होने का फायदा उठाकर स्थानीय स्तर पर मनमानी की जा रही है।

दबंगों ने कब्जा कर घटा दी सड़क की चौड़ाई

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कुछ आसपास के भू-स्वामियों ने मुख्य मार्ग की शासकीय व आम रास्ते की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। कब्जा होने के कारण जो सड़क कभी 20 फीट चौड़ी हुआ करती थी, वह अब सिकुड़कर महज 10 से 15 फीट की रह गई है। चौड़ाई कम होने से दो पहिया और चार पहिया वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

गहरे गड्ढों और जलभराव से स्कूली बच्चों व बुजुर्गों का निकलना दुश्वार

बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। उचित जल निकासी (नाली) की व्यवस्था न होने के कारण जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। पानी के ठहराव से सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें हर समय कीचड़ और पानी भरा रहता है। इस बदहाली के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

रहवासियों की प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

समस्या से आक्रोषित और परेशान सुदर्शन नगर के निवासियों ने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि:

  1. मुख्य मार्ग से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और सड़क की मूल 20 फीट चौड़ाई बहाल की जाए।
  2. राजस्व रिकॉर्ड में इस मार्ग को सड़क के रूप में विधिवत दर्ज किया जाए।
  3. गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की नालियों का निर्माण कराया जाए और जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
Exit mobile version